जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। चंडीचौक पर आने पर गुंडा शुल्क देना होगा। ये धमकी चंडीचौक पर अवैध वसूली करने वालों ने बिजनौर निवासी एक गाड़ी चालक को दी। नगर कोतवाली पुलिस ने मामला संज्ञान में आते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। पुलिस ने धर्मेंद्र कश्यप, ललित बजरंगी, भरत पंजवानी, रवि कन्हैया के खिलाफ पूर्व में दर्ज हुए मुकदमों की भी जांच शुरू कर दी है।
सचिन पाल पुत्र नेपाल निवासी अशरफपुर दूधली जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश ने तहरीर देकर बताया कि वह 11 जनवरी को बिजनौर से देहरादून के लिए सवारी लेकर चंडी चौक हरिद्वार पहुंचा था। वहां पर पहुंचते ही कई लोगों ने उसे गाड़ी से उतारकर गालियां देनी शुरू कर दी। साथ ही गाड़ी चलाने की एवज में 2600 रुपये प्रति माह देने की मांग की। सचिन का कहना है कि जब उसने रुपये देने के लिए मना किया तब वो सभी जबरत धमकाने लगे और डंडे लेकर मारपीट करने लगे। किसी तरह से उसने अपनी जान बचाई। एक आरोपी धर्मेंद्र कश्यप और उसके साथियों ने धमकी दी कि अगर तू यहां दोबारा आया तो महीना देना पड़ेगा। यदि रुपये नहीं दिए तो गाड़ी को तोड़फोड़ देंगे। यहीं नहीं ज्यादा कोशिश की तो तुझे जान से मार देंगे। इस घटना की वीडियो भी गाड़ी में बैठी हुई सवारी ने बनाई। मामले में सचिन ने नगर कोतवाली की पुलिस चौकी रोड़ीबेलवाला में तहरीर देकर अपनी पीड़ा बताई। उसने पुलिस ने न्याय मांगते हुए आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
1- धर्मेंद्र कश्यप पुत्र ओमप्रकाश, निवासी शिवपुरी कॉलोनी जगजीतपुर कनखल।
2- रवि कन्हैया ।
3- भरत पंजवानी पुत्र ज्ञानचंद पंजवानी,निवासी पंचायती अखाड़ा, बंगाली मोड़ कनखल।
4- ललित राजपूत पुत्र संतराम, निवासी सतीघाट कनखल।

