जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
डबल मर्डर से सोनीपत जिला दहल उठा। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने नेशनल हाईवे पर बाप-बेटे को गोलियों से भून दिया।गाड़ी से टक्कर मारकर गिराने के बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। नितिन सैनी हत्याकांड की रंजिश में दोनों की हत्या की गई।
कोर्ट में पेशी पर जा रहे पिता-पुत्र की शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे नेशनल हाईवे-334बी पर थाना कलां चौक के पास गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी और फिर करीब 15 फायर किए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को पांच साल पुराने नितिन सैनी हत्याकांड के प्रतिशोध में अंजाम दिया गया। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुटी हैं।
हत्याकांड ​हरियाणा के सोनीपत जिले में हुआ। गांव गोपालपुर निवासी धर्मबीर सिंह (50) और उनके पुत्र मोहित (25) सोनीपत के खरखौदा में अदालत में पेशी पर जा रहे थे। मोहित पर वर्ष 2020 में हुई नितिन सैनी की हत्या का मुकदमा दर्ज था।

मृतक पिता-पुत्र की फाइल फोटो

मोहित के दादा और धर्मबीर के पिता बुधराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीनों एक साथ बाइक पर निकले थे लेकिन वह थाना कलां चौक के पास उतर गए थे। इसके कुछ देर बाद सामने से आई एक स्कॉर्पियो ने मोहित और धर्मबीर की बाइक को टक्कर मारी जिससे दोनों पुल से नीचे सर्विस लेन पर जा गिरे।
मोहित के हेलमेट के आर-पार हुई गोली
बाइक गिरते ही स्कॉर्पियो से खरखौदा निवासी राहुल, रोहतक के हुमायूंपुर निवासी मनीष और एक अन्य युवक निकले और दोनों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दीं। करीब 15 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से ज्यादातर धर्मबीर और मोहित को लगीं। मोहित के हेलमेट के आर-पार भी गोली चली गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत एकत्र किए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पिता पुत्र की हत्या के बाद घटनास्थल पर उनकी बाइक व रेलिंग से टकराकर खड़ी हमलावरों की कार

भागने के दौरान छोड़ी गाड़ी, लूटकर ले गए बाइक
वारदात के बाद हमलावरों की स्कॉर्पियो रेलिंग से टकरा गई और उसका टायर फंस गया। तीनों आरोपी गाड़ी छोड़कर थाना कलां की दिशा में भागे। रास्ते में उन्होंने तुर्कपुर निवासी सुरेश की बाइक हथियार के बल पर लूट ली और फरार हो गए। सुरेश ने पुलिस को इसकी शिकायत दी है।
पहले भी कर चुके थे हमला, अब लिया बदला
बुधराम ने बताया कि वर्ष 2020 में खरखौदा के नितिन सैनी की हत्या के बाद से मोहित और नितिन के परिवार में रंजिश चल रही थी। पिछले साल 29 अक्तूबर को भी नितिन सैनी के पिता जगन दास के भतीजे राहुल ने अपने साथियों सन्नी और अंकुश के साथ मिलकर मोहित पर हमला किया था, जिसमें मोहित को कमर में गोली लगी थी। तीनों गिरफ्तार हुए थे लेकिन कुछ समय बाद वह राजीनामा के बहाने मोहित के संपर्क में आने लगे थे और इसी रंजिश में उन्होंने उनके पुत्र व पौत्र की हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *