जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
इंजीनियर ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर में जाने के दौरान दो बच्चियों की मां से प्यार कर बैठा। उसी प्रेमिका ने इंजीनियर को मौत के घाट उतार दिया। लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र के सलारगंज स्थित शिवम ग्रीन सिटी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे युवक सूर्य प्रताप सिंह (32) की उसकी प्रेमिका रत्ना देवी ने धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला रत्ना देवी को तत्काल हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक रत्ना देवी और सूर्य प्रताप पिछले चार वर्षों से लिव-इन में रह रहे थे। सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से देवरिया जिले के पर्शिया भीखा मरखड़ा गांव के रहने वाले हैं। पिता नरेन्द्र सिंह मैक्स हॉस्पिटल गोमतीनगर में बतौर चालक हैं और वह जानकीपुरम सहारा स्टेट में रहते हैं। रत्ना देवी अपनी दो बेटियों 18 वर्षीय अनुष्का और 15 वर्षीय जानवी सिंह के साथ यहीं किराए पर सूर्य प्रताप सिंह के यहां रहती थी। घटना के समय दोनों बेटियां भी घर पर मौजूद थीं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार सूर्य प्रताप सिंह एवरेडी कंपनी में एग्जिक्यूटिव इंजीनियर थे। करीब 22 वर्ष की उम्र में वह जानकीपुरम स्थित आकांक्षा कॉलोनी में रत्ना देवी की दोनों बेटियों को ट्यूशन पढ़ाने जाते थे, वहीं से दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और संबंध लिव-इन तक पहुंच गया।
हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और प्रेमिका रत्ना देवी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *