जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक डॉक्टर की मौत हो गई है। वे बाइक से कहीं जा रहे थे। हर व्यक्ति अपील कर रहा है कि थोड़े से लालच में चाइनीज मांझा ने बेचे। देश में कई स्थानों पर चाइनीज मांझे से दुर्घटना होने के मामले सामने आ रहे हैं।
जौनपुर जिले में बुधवार को चीनी मांझे की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना पंचहटिया स्थित प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के पास हुई। मृतक की पहचान डॉक्टर समीर हासिमी (28) के रूप में हुई है। गर्दन कटने से काफी खून बह रहा था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर समीर बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान संभवत: चीनी मांझे से गर्दन कटने से उनकी मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने की ये अपील
अधिकारी ने कहा कि चीनी मांझा प्रतिबंधित है। इसे लेकर जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद लोग ऑनलाइन चीनी मांझा मंगाकर इसका उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मकर संक्रांति पर थोड़ी सी खुशी के लिए पतंग लूटने या काटने के लालच में चीनी मांझे का उपयोग न करें। त्योहार मनाएं, लेकिन ध्यान रखें कि किसी तरह की जनहानि न हो।
चाइनीज मांझे से डॉक्टर की मौत, बाइक से चलते समय गर्दन को रेत गया मांझा, लालच में न बेचे मौत का सामान

