ब्यूरो रिपोर्ट
इंटर कॉलेज के प्रवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सभी को झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि प्रवक्ता पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव में थे और बीते छह दिन से घर भी नहीं गए थे। वे स्कूल की लैब में ही रहकर वहीं सो रहे थे। आखिरकार उन्होंने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
रोशनदान से लोगों ने देखा प्रवक्ता का शव
नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित श्री शांति स्वरूप इंटर कॉलेज में 55 वर्षीय प्रवक्ता रविंद्र कुमार का शव स्कूल की लैब में मिला। सुबह जब स्टाफ को शक हुआ तो उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा, जहां प्रवक्ता अंदर पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अंदर से बंद थी लैब
मौके पर पहुंची पुलिस ने लैब का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। जांच में सामने आया कि लैब के दोनों गेट अंदर से बंद थे। अंदर एक फोल्डिंग बेड, कपड़े, कुकर में बनी सब्जी, बिस्किट के पैकेट और कुछ दवाइयां मिलीं, जिससे साफ है कि वह कई दिनों से वहीं रह रहे थे।
मानसिक तनाव से जूझ रहे थे
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, रविंद्र कुमार पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव या किसी पारिवारिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। मृतक मूल रूप से मुजफ्फरनगर के गांव घटायन के रहने वाले थे और करीब 10 साल से कॉलेज में पढ़ा रहे थे।
पुलिस का बयान
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *