ब्यूरो रिपोर्ट
नाैंवी के छात्र का शव संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गजरोला निवासी कक्षा नौ के छात्र तनिष का शव संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव आने पर परिजनों ने सड़क पर रखकर जमकर हंगामा काटा। उन्होंने चार युवकों पर उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की।
फायर स्टेशन के निकट भानपुर फाटक मार्ग पर जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पाकर एसडीएम मौके पर पहुंचीं। परिजनों को हत्यारोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मगर परिजनों ने इंदिरा चौक पर जाम लगा दिया।
जवाहर नगर मोहल्ला निवासी राजू रावत का छोटा बेटा तनिष (15) कक्षा नौ में पढ़ता था। उसके बड़े भाई तुषार का कहना है कि रविवार को उसकी मम्मी पिंकी और पिता राजू काम करने गए थे। तनिष घर पर अकेला था। रात को जब माता-पिता घर आए तो कई बार आवाज लगाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
जिस पर उन्होंने पड़ोस के घर से जाकर देखा तो तनिष फंदे पर लटक रहा था। उनका और परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई। आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाया गया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव आया। परिजनों ने मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर छात्र का शव सड़क पर रख हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित परिजनों ने कहा कि छात्र के मोबाइल पर धमकी भरे चैट हैं। साथ ही गंदी गाली की भी चैट हैं।
आरोप लगाया कि चार लोगों ने छात्र की हत्या को अंजाम दिया है। जाम की जानकारी पाकर चौपला चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जाम लगा रहे परिजनों को समझाते हुए उनसे जाम खोलने को कहा, लेकिन परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। सूचना पाकर एसडीएम विभा श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हत्यारोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। परिजनों ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने एक हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया।
जाम खुल जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन कुछ देर बाद ही इंदिरा चौक पर जाम लगा दिया। भाकियू बीआर आंबेडकर के अध्यक्ष दिग्विजय भाटी परिजनों के बीच पहुंच गए। उन्होंने भी कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना पाकर इंस्पेक्टर मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर आए। जाम लगा रहे परिजनों को समझाने में लग गए।
किसने डिलीट की सीसीटीवी की फुटेज
छात्र का शव सड़क पर रख जाम लगा रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्र की मौत का राज पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो जाता, लेकिन उनकी फुटेज को डिलीट कर दिया। परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत फुटेज को डिलीट किया गया है। यह भी आरोप लगाया कि सीसीटीवी कैमरे वालों से हत्यारोपियों की नजदीकी हो सकती है। जिसके चलते फुटेज को डिलीट किया गया है।

