जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कनखल में सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी कर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले पर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले को भड़कने से पहले पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया तो कांग्रेस के नेता आरोपी को छुड़ाने के लिए पहुंच गए। बुधवार की देर रात तक आरोपी की ढाल बने रहे। यदि मामला बढ़ जाता तो यही कांग्रेस के नेता पुलिस पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करते।
बुधवार को सोशल मीडिया में धार्मिक टिप्पणी करते हुए एक आरोपी की वीडियो वायरल हुई। आरोपी ने ढेला वाला की जाति पूछी और उसे सख्ती से धमकाया। कनखल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। लेकिन कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष समेत तमाम पदाधिकारी कनखल थाना पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर ही तमाम आरोप लगाने शुरू कर दिए। धार्मिक टिप्पणी करने वाले पर तत्काल कार्रवाई कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया। क्षेत्र में सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत त्वरित कार्यवाही करते हुए वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। आरोपी चंचल भारद्वाज पुत्र श्याम बाबू भारद्वाज, निवासी आचार्यान मोहल्ला चौपड़, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार के विरुध्द अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम में इनका रहा सहयोग
एएसआई नन्द किशोर, सूरजपाल, कांस्टेबल पंकज चौहान का सहयोग रहा।

