जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। एचआरडीए की अवैध निर्माणों पर कार्रवाई निरंतर जारी है। बिना नक्शा स्वीकृत कराए ही तैयार किया गए एक व्यवसायिक निर्माण को सील किया है। एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका के स्पष्ट निर्देश है कि बिना नक्शे स्वीकृत कराए व्यवसायिक निर्माण हो या कॉलोनी, इन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।

हरिद्वार विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए इक्कड़ खुर्द सराय रोड क्षेत्र में किए जा रहे एक अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि इक्कड़ खुर्द सराय रोड स्थित इण्डियन ऑयल पेट्रोल पंप के बगल में, कूड़ा डंपिंग स्थल के समीप राहुल चौहान द्वारा लगभग 50×80 फीट क्षेत्रफल में भूतल पर बिना स्वीकृत मानचित्र के व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य को नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर उक्त निर्माण को नियमानुसार सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान स्थल पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सील तोड़कर या नियमों की अवहेलना कर निर्माण करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

