जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देहरादून। बागेश्वर विधानसभा उप निर्वाचन में कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास की पत्नी भाजपा प्रत्याशी पार्वती ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी बसंत कुमार को 2405 मतों के अंतर से हरा दिया है। पार्वती दास को 33,247 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को 30,842 मत प्राप्त हुए।
बागेश्वर विधानसभा उप निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास की जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विजय मातृशक्ति, युवाशक्ति और वरिष्ठजनों के हमारी सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। इस उप चुनाव में बागेश्वर विधानसभा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और राज्य सरकार की नीतियों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत स्वर्गीय चंदनराम दास को श्रद्धांजलि है। उनके समय के रूके हुए कार्यों और उनके सपनों को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर की जनता ने राज्य सरकार पर जो विश्वास जताया है, बागेश्वर की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बागेश्वर का विकास किया जाएगा।
बागेश्वर उप निर्वाचन में जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विधायक मदन कौशिक को बधाई दी।
