जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के शुभारंभ (19 अप्रैल) से पहले फर्जी ट्रैवल पैकेजों और भ्रामक प्रचार के बढ़ते मामलों को लेकर उत्तराखंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन (TOAU) ने सख्त रुख अपनाया है। एसोसिएशन द्वारा पहले ही उत्तराखंड, जिला पर्यटन कार्यालयों और सीईओ पर्यटन को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा जा चुका था। इसी क्रम में आज हरिद्वार में टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन उत्तराखंड TOAU के प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में एसएसपी सिटी अभय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बाजार में भ्रामक ऑफर्स का बढ़ता जाल
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में कई ट्रैवल एजेंसियां बेहद कम कीमतों पर चारधाम यात्रा पैकेज (₹11,000 से ₹16,000) और लगभग ₹90,000 में हेलीकॉप्टर यात्रा जैसे अव्यावहारिक ऑफर्स दे रही हैं। ऐसे ऑफर्स श्रद्धालुओं को आकर्षित कर संभावित ठगी का कारण बन सकते हैं।
अध्यक्ष अजय डबराल ने स्पष्ट किया कि अभी तक केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट की कोई आधिकारिक बुकिंग प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इसके बावजूद कुछ कंपनियां “Guaranteed Helicopter Ticket Booking” के नाम पर सोशल मीडिया और ईमेल के जरिए प्रचार कर रही हैं, जो पूरी तरह भ्रामक है।
बाहरी एजेंसियों की भूमिका पर सवाल
टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन उत्तराखंड TOAU ने यह भी बताया कि कई ट्रैवल एजेंसियां बाहरी राज्यों से संचालित हो रही हैं, जिनका उत्तराखंड में कोई वास्तविक कार्यालय नहीं है। ये एजेंसियां केवल कागजी पंजीकरण के आधार पर काम कर रही हैं, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है और यात्रियों के हितों को नुकसान पहुंच रहा है।

प्रशासन से की गई प्रमुख मांगें
एसोसिएशन ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें रखीं:
— फर्जी एवं भ्रामक ट्रैवल पैकेजों की जांच कर तत्काल कार्रवाई
— “Guaranteed Helicopter Booking” का झूठा प्रचार करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई
— सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफॉर्म पर चल रहे भ्रामक विज्ञापनों पर रोक
— अवैध ट्रैवल एजेंसियों की पहचान कर उन्हें बंद कराया जाए
— सभी एजेंसियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
जागरूकता अभियान की भी मांग
टूर ऑपरेटर एसोसिएशन उत्तराखंड ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि यात्रियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि वे किसी भी फर्जी ऑफर के झांसे में न आएं।
अध्यक्ष अजय डबराल ने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है, इसलिए इसकी पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपील
टूर ऑपरेटर एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय डबराल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय एजेंसियों के माध्यम से ही बुकिंग करें। किसी भी असामान्य रूप से सस्ते या “गारंटीड” ऑफर्स से सतर्क रहें और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही निर्णय लें। यह कदम चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

