जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार में हाईवे की मरम्मत का काम चलते हुए अधिकारियों की लापरवाही से तीन लोगों की मौत गई। मृतकों में एक वॉलीबॉल खिलाड़ी अर्पित सैनी है। दुर्घटना प्रेमनगर आश्रम के सामने फ्लाईओवर पर हुई, जहां पर महीनों से मरम्मत का काम चल रहा है। जिस कार का एक्सीडेंट हुआ उसपर श्रीराम लिखा हुआ था।
दिल्ली—हरिद्वार — देहरादून हाईवे के फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम चल रहा है। ये काम महीनों से चल रहा है। धीमी गति से चल रहे काम और हाईवे पर पर्याप्त सुरक्षा और बचाव के संसाधन न होने पर एक कार जनरेटर से टकरा गई। घटना के अनुसार बुधवार देर रात वॉलीबॉल खिलाड़ी अर्पित सैनी निवासी इब्राहिमपुर, थाना पथरी अपने दोस्त रहमान निवासी अलीपुर, बहादराबाद के साथ देहरादून से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। प्रेम नगर आश्रम के सामने फ्लाईओवर पर, जहां हाईवे का मरम्मत कार्य चल रहा था, अर्पित सैनी की कार अनियंत्रित होकर हाइवे पर खड़ी मशीन से टकराकर पलट गई।

हादसे में कार चला रहे अर्पित सैनी और मौके पर मौजूद मजदूर राजू राय निवासी बंगाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य मजदूर, आनद सिंह निवासी पश्चिम बंगाल को एम्स ऋषिकेश भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों के उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
हादसे में कार सवार रहमान को गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए जॉली ग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

