जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देहरादून। सोमवार यानि आज से नए सर्किल रेट बढ़ा दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, नए सर्किल रेट के अनुसार ही रजिस्ट्री होंगी। हालांकि अभी अधिवक्ताओं एवं लेखकारों को नई सूची जारी नहीं की गई है। लेकिन सोमवार से जो भी रजिस्ट्री होगी, वह बढ़े रेट के अनुसार ही होगी। बढ़े रेटों के अनुसार हरकी पैड़ी सबसे महंगी हो गई है। सबसे ज्यादा रेटों में वृदिृध, नजीबाबाद रोड, लक्सर रोड, बहादराबाद क्षेत्र में पतंजलि तक, रोशनाबाद में हुई है।
अकृषि भूमि में भी बढ़ोत्तरी हुई हैं, जहां 22 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़े हैं। सर्वाधिक 22 प्रतिशत वृद्धि उन क्षेत्रों में हुई है, जहां से प्रशासन को अब राजस्व अधिक आने की उम्मीद है। प्रशासन ने करीब आठ माह पहले शासन को सर्किल रेट में वृद्धि का प्रस्ताव भेजा था, जिसे अब अनुमति मिल गई है। नये सर्किल रेट के बाद अब जमीनों की रजिस्ट्री में अधिक स्टांप शुल्क अदा करना पड़ेगा।
प्रमुख सड़कों से दूरी पर पृथक सर्किल रेट
पूर्व की भांति प्रमुख मार्गों से दूरी के फार्मूले के अनुसार भी सर्किल रेट परिवर्तित किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर 50 मीटर तक, 50 से अधिक व 350 मीटर तक और 350 मीटर से अधिक दूरी वाले क्षेत्रों के मुताबिक सर्किल रेट तय किए गए हैं। प्रमुख मार्ग से कम दूरी पर सर्किल रेट अधिक हैं, जबकि दूरी बढ़ने पर सर्किल रेट में कमी आती जा रही है। हरिद्वार तहसील के अधिवक्ता आदेश जैन ने बताया कि अभी रिवाइज सूची नहीं मिली हैं, लेकिन रजिस्ट्रार की ओर से जारी आदेश के अनुसार सोमवार से नई वृद्धि के अनुसार ही रजिस्ट्री होगी।

