जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
तहसील के स्टाफ ने कसम खाई हुई है कि बिना रिश्वत के किसी का जायज हो या नाजायज काम नहीं करेंगे। यदि मुंह मांगी रिश्वत नहीं दी जाती है तो वे आवेदक को इतना परेशान करते हैं कि मजबूर हो जाता है। यदि रिश्वत दे दी जाती है तो फाइल घोड़े की तरह दौड़ती हुई मेज टू मेज घूमकर आवेदक के घर पहुंचा जाती है।
रामपुर जिले के शाहबाद तहसील में तैनात संग्रह अमीन प्रेम शंकर तिवारी को 15 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर और कर्मियों में हड़कंप मच गया। मुरादाबाद से आई एंटी करप्शन टीम ने करीब एक बजे अमीन के घर पर छापा मारा।
आरोप है कि वह एक बकायेदार से किसी मामले में अनुकूल रिपोर्ट लगाने की एवज में 15 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया और रुपये लेते समय उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी अमीन को अपने साथ कोतवाली ले आई।
वहां कई देर तक पूछताछ जारी रही। टीम आवश्यक साक्ष्य जुटाने में लगी है। उधर, अमीन के बेटे ने एंटी करप्शन टीम पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है। टीम के अधिकारियों ने कार्रवाई को विधि सम्मत बताया है। मामले में केस दर्ज करवाया जा रहा है।

