ब्यूरो रिपोर्ट
फिर से एक मंदिर में भगदड़ मच गई। व्यवस्था संभालने वाले पूजा या दर्शन के समय नहीं होते। स्वामी मंदिर में शनिवार को हुई भगदड़ में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। भगदड़ के पीछे की वजह एकादशी के मौके पर हुई भारी भीड़ को बताया जा रहा है।
शनिवार को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची थी। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। सूत्रों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
काशीबुग्गा सब डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि, काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में सुबह करीब 11.30 बजे भगदड़ मच गई और 10 लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुख व्यक्त किया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पोस्ट किया, “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना दुखद है। इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने अधिकारियों को घायलों को शीघ्र और उचित उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मैंने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे घटनास्थल का दौरा करें और राहत कार्यों का निरीक्षण करें।


भगदड़ के कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें मंदिर की सीढ़ियों पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। भारी भीड में कई महिलाएं, बच्चें और बुजुर्ग बुरी तरह से दबे नजर आ रहे हैं। इसी दौरान रेलिंग गिर गई और भीड़ में फंसे लोग एक दूसरे के उपर गिर गए। भारी भीड़ में दबने के चलते कई महिलाओं की मौत हो गई।
सीएमओ ने जारी किया बयान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब एकादशी के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ जमा हुई थी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भीड़ बढ़ गई, जिससे अचानक भगदड़ मच गई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे है। उन्होंने घटना की जानकारी जुटाने के लिए मंदिर के अधिकारियों से बात की। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *