ब्यूरो रिपोर्ट
आखिर कौन पुलिस स्टीकर लगी बाइक वाला घर पर आया था और कुछ देर बाद महिला सिपाही ने खुदकुशी कर ली। सिपाही बेटी की आत्महत्या की खबर पर परिजनों व रिश्तेदारों संग हेमलता के पिता कर्मवीर सिंह यहां पहुंच गए। उन्होंने साफ कहा कि उनकी बेटी यूं ही आत्महत्या नहीं कर सकती। उस पर कोई तो ऐसा दबाव था, जिस वजह से उसने ऐसा किया है। पुलिस इस मामले में जांच कर स्पष्ट करे। अगर ऐसा नहीं करती है। तो वह कुछ छिपाने का प्रयास करेगी। पिता ने कालोनी में सीसीटीवी भी चेक कराने की मांग की है।
बन्नादेवी थाने पहुंचे पिता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुबह उनकी अपनी बेटी से बात हुई थी। उसने बताया था कि उसकी छुट्टी मंजूर हो गई है। रिश्तेदारी में शनिवार को हो रही शादी में शामिल होने के लिए वह गांव आ रही है। इस पर पिता ने यह कहकर फोन काट दिया था कि आने पर फिर आगे बात करेंगे। उनकी बेटी अपनी मर्जी से ही सिपाही बनी थी। कभी उसकी बातों से किसी तरह की परेशानी या ऐसा नहीं लगा कि वह इस तरह का कदम उठा लेगी। निश्चित उस पर किसी तरह का कोई दबाव था, जिसे पुलिस बिना छिपाए उजागर करे। अब तक जो बातें पुलिस से पता चल रही हैं, उससे नहीं लग रहा कि यूं ही उनकी बेटी आत्महत्या कर लेगी। उन्होंने यहां तक कहा कि घर के आसपास के सीसीटीवी भी दिखवाए जाएं।
अकेली थी सिपाही, ताला तोड़कर खोला पुलिस ने दरवाजा
जिस वक्त सिपाही ने आत्महत्या की, उस समय वह घर में अकेली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने पहुंचकर पहले एक सिपाही को घर की मुख्य बाउंड्री से अंदर कुदाया। फिर दरवाजे पर अंदर से लगा ताला तोडक़र दरवाजा खोला। तब पुलिस टीम अंदर पहुंची तो सिपाही का शव फंदे पर लटका मिला। उस समय वह घर में अकेली थी।
फोन पर बतियाते समय अचानक हुई गायब
इस विषय में एसएचओ बन्नादेवी एसपी सिंह ने बताया कि दोपहर में मोहल्ले के लोगों से बात हुई तो आसपास के लोगों ने उसे घटना से कुछ पहले तक कमरे में अंदर व बाहर टहलते हुए फोन पर बतियाते देखा। उसने किसी शादी में जाने की कहकर 29 नवंबर का अवकाश लिया था। 30 नवंबर को उसकी वापसी होनी थी। इसलिए वह ड्यूटी नहीं गई थी। बात करते करते वह अचानक से गायब हो गई।


खबर पर पहुंचीं साथी महिला सिपाही
यह खबर कुछ ही देर में पुलिस महकमे में हेमलता की साथी सिपाहियों तक पहुंच गई। कुछ ही देर में तमाम महिला सिपाही पहले जिला अस्पताल व बाद में पोस्टमार्टम केंद्र पहुंच गईं। जहां काफी देर तक वे रुके रहे। इसके पीछे के कारणों पर चर्चा करते रहे।
परिवार में चल रही थी शादी की तैैयारी
हेमलता एक बड़े भाई व एक बहन की शादी हो चुकी है। अब परिजन हेमलता की शादी की भी योजना बना रहे थे। इसे लेकर परिवार में उसकी बातचीत में कई बार कहा गया था। साथी सिपाहियों को भी उसने इस विषय में बताया था।
आत्महत्या से पहले कौन आया था घर पर
पुलिस हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं कर रही। मगर मोहल्ले से यह जानकारी मिली है कि आत्महत्या से कुछ देर पहले कोई बाइक पर वहां आया था। पुलिस स्टीकर लगी बाइक पर वह आकर कुछ देर रुकने के बाद चला गया। इसके बाद वह चला गया। अब वह कौन व किस वजह से आया था। ये पुलिस जांच में उजागर होगा।
मामा को नहीं विश्वास, आत्महत्या में है कोई राज
भांजी की आत्महत्या की खबर पर हाथरस से यहां पहुंचे मामा राजेंद्र सिंह को भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा। भाजपा में सक्रिय मामा बताते हैं कि उनकी भांजी बेहद खुश मिजाज व मजबूत दिल की थी। वह इस तरह का कदम नहीं उठा सकती। हमें अभी भी विश्वास नहीं हो रहा। वे कहते हैं कि कभी उसने नाराज होने पर भी बात नहीं करने का निर्णय नहीं लिया। इस घटना में जरूर कोई राज है। वे बताते हैं कि परिवार में इसकी शादी की बात चल रही थी।
आत्महत्या से आधा घंटे घंटे पहले हुई पापा से बात
पोस्टमार्टम हाउस पर बिलखते हुए पिता कर्मवीर सिंह यही कह रहे थे कि आत्महत्या से आधा घंटे पहले बेटी से बात हुई थी। तब यही कहा था कि छुट्टी मिल गई है। शादी में शामिल होने के लिए तैयार होकर आ रही हूं। तब सब कुछ सामान्य था। उन्होंने यह भी पूछा था कि बेटी तुम ठीक हो। उसने सब ठीक बताया था। वह बातें अभी तक उनके कानों में गूंज रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *