ब्यूरो रिपोर्ट
शादी के 12 घंटे बाद सड़क हादसे में दूल्हे की मौत हो गई। वह दोस्तों और रिश्तेदार के साथ मिठाई लेने जा रहा था। ढाबे के पास खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। कार में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। दुल्हन बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। दूल्हे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुआ।
रिठौरा के मोहल्ला ठाकुरद्वारा में रहने वाले रामसहाय ने कुछ समय पहले ही यहां नया घर बनवाया था। इससे पहले वे मथुरापुर, फरीदपुर में रहते थे। रामसहाय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ होशियारपुर पंजाब में काम करते हैं। उनका एक बेटा सतीश दिल्ली में कपड़े की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी के लिए पूरा परिवार रिठौरा आया था।
सतीश की शादी सकरामपुर मीरगंज की स्वाती से तय हुई थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बरात वापस लौटी थी। सतीश के कुछ रिश्तेदारों और मेहमानों को रात में ही लौटना था। उनके लिए मिठाई लेने दूल्हा सतीश अपने फुफेरे भाई विजनेश (25), बहन के देवर रोहित के साथ बोलेरो कार से शहर जा रहे थे।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ढाबे के सामने खड़े ट्रक में कार घुस गई। इसमें विजनेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां दूल्हे की इलाज के मौत हो गई। हादसे में घायल हुए रोहित ने घटना की जानकारी परिजनों को फोन कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हन स्वाती बेहोश होकर गिर गई। जबकि सतीश की मां बार-बार बेसुध हो रही थी। मोहल्ले की औरतें उन्हें ढाढंस बंधा रही थीं। पिता रामसहाय बोले- मुझे क्या पता था ऐसा हो जाएगा। काश मेरा बेटा मिठाई न लेने गया होता।
वह कितना खुश था, घर में हंसी की गूंज सुनाई दे रही थी। अब रोने की आवाज सुनाई दे रही है। मुझे कुछ हो जाता, भगवान मेरे बेटे के बदले में मेरी जान ले लेता। घर में नई लड़की आई है, उसका क्या होगा। यह कहते-कहते रामसहाय बेसुध हो गए। रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। दूल्हे दो भाई थे। यह सबसे बड़ा लड़का था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *