जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
उत्तराखंड के जिले में 12वीं में पढ़ रही एक छात्रा मनीषा तोमर (18) की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। छात्रा का शव झाड़ियों में बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। धारदार हथियार से कई वार किए गए। छात्रा बुधवार शाम को अपने चचेरे भाई सुरेंद्र के साथ बाइक से दांत संबंधी समस्या की दवाई लेने विकास नगर गई थी। रात 9:00 बजे तक भी जब वह लौटी नहीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
पुलिस को ढालीपुर बोक्सा बस्ती जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे झाड़ियों में युवती का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से शव की शिनाख्त मनीषा पुत्री आनंद सिंह, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के रूप में हुई। इसके बाद फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कराई गई और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।


मृतका के परिजनों से पूछताछ में जानकारी सामने आई कि मनीषा शाम के समय अपने ताऊ के बेटे सुरेंद्र उर्फ मान्डू पुत्र छोटा के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस संबंध में मृतका के पिता आनंद सिंह की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा अपराध संख्या 27/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत सुरेंद्र के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के पास से अभियुक्त की मोटरसाइकिल तथा हत्या में प्रयुक्त दरांती बरामद कर ली है। विवेचना में यह भी सामने आया है कि उक्त दरांती अभियुक्त द्वारा घटना से दो दिन पूर्व खरीदी गई थी। फिलहाल अभियुक्त फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *