जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कार्य संभालने के बाद हरिद्वार पहुंचकर गंगा पूजन के साथ प्रमुख संतों एवं महामंडलेश्वरों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिस उम्मीद से केंद्रीय नेतत्व ने उन्हें जिम्मेदारी दी है वे उस पर खरा उतरने का काम करेंगे। हरिद्वार में पूरे भ्रमण के दौरान उनके सिपहसलाहर और भरोसेमंद परममित्र स्वामी यतीश्वरानंद उनके साथ रहे।
बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हरिद्वार दौरा रहा। हरकी पैड़ी पर गंगा पूजा से पूर्व मुख्यमंत्री का भानियावाला, छिद्दरवाला, रायवाला, हरिपुरकलां, भूपतवाला में बड़ी संख्या में आम जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओ द्वारा भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने हरकी पैड़ी पर हरिद्वार में मां गंगा की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर संत महात्माओं को सम्मानित कर उनका भी आर्शीवाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गंगा हमारी जीवन दायिनी है, हमारी आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का भी प्रतीक है।

गंगा हमारे जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम सबके सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में सफल होंगे। समाज के अन्तिम पक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिये हम सतत प्रयत्नशील रहेंगे।


मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के पश्चात् मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी पहली बार हरिद्वार पधारे। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार जताते हुए जन अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे जन अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए निरन्तर प्रयासरत रहेंगे। छिद्दरवाला में मुख्यमंत्री का स्वागत क्षेत्रीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा भी किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी हरिद्वार आगमन पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
उन्होंने हरिद्वार में जूना अखाडा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद महाराज, शंकराचार्य स्वामी राज राजेश्वरानंद महाराज, निंरजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज, शांतिकुंज के प्रमुख डॉ प्रणव पंडया, निरंजनी अखाडे के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व उन्होंने दक्ष मंदिन में पूजा अर्चना की।


हर की पैड़ी में गंगा पूजन के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत, रेखा आर्य, स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक प्रणव सिंह चैम्पियन, सुरेश राठौर, प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, स्वामी चिदानंद मुनि, गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय व​शिष्ठ के साथ सभी अखाड़ों के संत महात्मा उपस्थित थे।