जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद की विधानसभा हरिद्वार ग्रामीण में पहली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 28 सितंबर को आएंगे। क्षेत्रीय जनता को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री उनके क्षेत्र के लिए कोई बड़ी घोषणा करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ग्राम्य विकास विभाग के अन्तर्गत महिला सहायता समूहों के लिए और रोजगार के अवसर बढ़ाये जाने के सम्बन्ध में 28 सितम्बर को जनपद हरिद्वार में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में विशाल कार्यक्रम होने जा रहा है। कार्यक्रम के लिए तैयारियां जोरों पर है। शाहपुर में टेंट, मंच, स्टॉल लगाने की तैयारियां बड़े जोरों पर चल रही हैं। कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम में महिला सहायता समूहों के अधिक से अधिक स्टॉल लगने चाहिए। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा जो उत्पाद बनाये जाते हैं, उन सबके स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय नहीं हैं, उनको भी सक्रिय किए जाने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो स्वयं सहायता समूह अच्छा कार्य करेंगे, उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थायें ससमय पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 28 सितम्बर को मुख्यमंत्री के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत दौरे की तैयारियों के सम्बन्ध में अधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं/पदाधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है। सभी जनता को कार्यक्रम स्थल पर लाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए है।