दिल्ली। दिल्ली के उत्तमनगर थाने में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का मामला दर्ज किया है। 26 वर्षीय एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा है कि माधवन ने उसे नौकरी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर मामले की शिकायत करने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता ने उत्तम नगर थाने में 25 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। द्वारका के डीसीपी एम हर्षवर्धन ने बताया कि माधवन के खिलाफ आईपीसी के तहत दुष्कर्म और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस 71 वर्षीय माधवन के खिलाफ इस मामले की जांच कर रही है। महिला दिल्ली में ही रहती है। उसके पति की 2020 में मौत हो गई थी, जो कांग्रेस कार्यालय में काम करता था।
जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने कहा है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा देने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक पीड़िता उत्तम नगर इलाके में रहती है। महिला का पति कांग्रेसी कार्यकर्ता था, होर्डिंग-बैनर लगाने का काम करता था। इसी वजह से वह कांग्रेस पार्टी के संपर्क में आई और उसका पार्टी के दफ्तर और कार्यक्रमों में आना-जाना शुरू हो गया।
पति की मौत के बाद काम मांगने गई थी कांग्रेस दफ्तर
2020 में उसके पति की मौत हो गई। पति की मौत और कोरोना के कारण उसे खाने के भी लाले पड़ गए। वह मदद के लिए पार्टी दफ्तर गई तो वहां उसे किसी कार्यकर्ता ने सोनिया गांधी के पीए पीपी माधवन का मोबाइल नंबर दे दिया।
फोन पर उसने माधवन को अपनी माली हालत के बारे में बताया और काम दिलाने का अनुरोध किया। इसके बाद अक्सर माधवन और महिला के बीच बातचीत होने लगी। 21 जनवरी 2022 को माधवन ने उसे नौकरी के लिए इंटरव्यू देने की बात की और पीड़िता को बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है।
वह अकेला है और उससे शादी करना चाहता है। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां और बढ़ गईं। एक दिन आरोपी ने उसे रात को मिलने के लिए उत्तम नगर बुलाया। पहले महिला ने मना कर दिया, लेकिन जिद करने पर चली गई। आरोपी ने महिला को गाड़ी में बिठाकर अपने चालक को कार से उतार दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसने उसके साथ गंदा काम किया।
शादी का दबाव बनाने पर धमकी
फरवरी 2022 में आरोपी ने पीड़िता को सुंदर नगर स्थित अपने मकान में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच पीड़िता को पता चला कि उसकी पत्नी अभी जीवित है।
पीड़िता ने माधवन से जब पूछा तो वह बहाने बनाने लगा। बाद में उसने पीड़िता को कुछ पैसों का लालच देकर चुप रहने के लिए कहा। बात नहीं बनी तो उसने पीड़िता को जान से मरवाने की धमकी दी।
राजनीति प्रतिशोध के कारण लगाए गए आरोप: माधवन
आरोपी पीपी माधवन का इस मामले में कहना है कि झूठे आरोपों का उद्देश्य राजनीतिक प्रतिशोध से उनकी छवि को खराब करना है। उनका कहना है कि मीडिया में कई ऐसी खबरें हैं कि मेरे खिलाफ दिल्ली के उत्तम नगर पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें मुझ पर एक महिला के खिलाफ यौन अपराध करने का आरोप लगाया गया है और आरोपी स्वयं के कांग्रेस कार्यकर्ता होने का दावा करता है, जिसे नौकरी देने का वादा किया गया था। मैं 25 जून को उत्तम नगर थाना प्रमुख (एसएचओ) के सामने पेश हुआ था और अपना स्पष्टीकरण दे दिया था, जिसके बाद मुझे जाने के लिए कहा गया था। मेरे पास यह प्रदर्शित और स्थापित करने के लिए सबूत हैं कि शिकायत राजनीतिक प्रतिशोध के चलते की गई है।