जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार।राष्ट्रीय सिख संगत द्वारा श्री जगद्गुरु आश्रम कनखल में एक दिवसीय राष्ट्रीय युवा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
युवा कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन आश्रम के परमाध्यक्ष जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज ने किया। युवाओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा वर्तमान का नियामक है। देश को युवाओं से बड़ी अपेक्षाएं हैं। भारत देश की आबादी में एक बहुत बड़ा हिस्सा युवाओं का है इसलिए युवाओं के कंधों पर देश के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पूर्वाग्रह से ग्रसित न होकर हमेशा अच्छे लोगों की सत्संगति करनी चाहिये। भारतीय महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर हम आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा को गुरु गोविंद सिंह जी के बलिदान तथा गुरुनानक देव जी की भक्ति को अपनाने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय सिख संगत के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह गुजराल ने राष्ट्रीय सिख संगत के ऐतिहासिक महत्व को विस्तार से समझाते हुए कहा कि सिख संगत ने साझीवालता का संदेश देकर भारत भर में कुछ ही वर्षों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
राष्ट्रीय सिख संगत के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री जसवीर सिंह ने युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि युवा का जीवन आदर्शमय होना चाहिए, अच्छे विचारों का संकलन करने का संकल्प हमेशा मन में बने रहने से हम समाजिक विकास में अपना योगदान दे सकते हैं।
जसवीर सिंह ने युवा कार्यकर्ताओं से अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि सामाजिक कार्यों को करने के लिए सेवा का भाव होना जरूरी है तभी हम समाज का कार्य कर सकते हैं।
सम्मेलन के अंतिम सत्र के मुख्य अतिथि स्वामी वागीश शास्त्री, तथा मुख्यवक्ता सरदार गुरवचन सिंह मोखा थे। अंतिम सत्र में पंजाब सिख संगत के अध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह मलिक ने गुरु तेगबहादुर जी के चार सौ साला के उपलक्ष्य में अपना व्याख्यान देते हुए सिख संगत के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। सत्र की अध्यक्षता सरदार इकबाल सिंह लाडी उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ने की।


कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जसविंदर सिंह ने किया। राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरुवचन सिंह मोखा, राष्ट्रीय सिख संगत के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मंजीत सिंह, पंजाब प्रांत के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मलिक, दिल्ली के प्रांत संगठन मंत्री पन्ना लाल, हरियाणा के महासचिव जसमीत सिंह सेठी, गुरविन्दर सिंह छावड़ा उत्तर प्रदेश युवा प्रमुख, डॉ कुलदीप सिंह कुरुक्षेत्र विश्ववविद्यालय पंजाबी विभाग के विभागाध्यक्ष, व्यवस्था प्रमुख सुनील सिंह, राष्ट्रीय सिख संगत हरिद्वार के महामंत्री मनोज गहतोड़ी ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।