जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के पीआरओ का कारनामा सामने आया है। उसने नगर निगम में नौकरी लगवाने के लिए सात लाख रुपये लिए थे। पूर्व प्रधान से नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हे। वहीं, शिकायकर्ता ने तहरीर में एक आरोपी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पीआरओ बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मदन कौशिक के पीआरओ के अनेक कारनामे जनता के सामने आते रहे हैं। अवैध तरीके से लोगों का शोषण करने के मामले अनेक हैं, सामने आ रहा है कई पीआरओ करोड़पति हो चुके हैं।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम सरठेड़ी शाहजहांपुर निवासी पूर्व प्रधान संजय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 2021 में उनकी मुलाकात संजीव शर्मा उर्फ सोनू निवासी ग्राम फकरेड़ी, थाना झबरेड़ा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक मदन कौशिक के पीआरओ पिंटू शर्मा से हुई थी। दोनों ने नगर ‌निगम में उनकी नौकरी लगवाने की बात कही थी। साथ ही नौकरी के लिए सात लाख रुपये देने की बात कही। दोनों के झांसे में आकर उन्होंने सात लाख रुपये दे  दिए। आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर उन्होंने दोनों से अपनी रकम वापस मांगी। इस पर  दोनों बहाना बनाकर टालते रहे। इस पर उन्होंने रुपये लेकर नौकरी लगवाने की दोनों की एक  वीडियो सबूत के तौर पर बना ली। पीड़ित ने पुलिस को वीडियो भी उपलब्ध कराई है।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि संजीव शर्मा निवासी ग्राम फखरेड़ी, थाना झबरेड़ा को घर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि फरार चल रहे आरोपी की तलाश की जा रही है।