जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। नेपाल संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य के संसद सदस्य डॉ. अमरेश कुमार सिंह भारत भ्रमण के दौरान हरिद्वार में वेद मंदिर आश्रम पहुंचे और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद से मुलाकात कर दोनों देशों के संबंधों पर चर्चा करते हुए उन्हें नेपाल आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने स्वामी यतीश्वरानंद के साथ पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण से मुलाकात करते हुए आर्थिक, सामाजिक, शिक्षा और संस्कृति को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा की। इससे पहले उन्होंने परिवार के साथ गंगा स्नान किया।

नेपाल देश के सांसद डॉ अमरेश कुमार सिंह हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने वेद मंदिर पहुंचकर स्वामी यतीश्वरानंद से मुलाकात कर समसमायिक विषयों पर वार्ता की। डॉ अमरेश सिंह ने बातचीत करते हुए कहा कि नेपाल का भारत देश से सांस्कृतिक, सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक संबंध हैं और इन संबंधों को मजबूती देने के लिए भारत यात्रा पर आए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ सालों से सरकार की वजह से धर्म संस्कृति पर आक्रमण हुआ, वह आक्रमण बंद हो और दोबारा से धर्म संस्कृति के काम शुरू हो और धार्मिक कार्यों को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि भारत देश में आने पर हिंदू संस्कृति के लोगों को हरिद्वार में आने से एक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों की संस्कृति एक समान है। भारत देश में एक तरफ जहां बदरीनाथ एवं केदारनाथ है तो नेपाल में मुक्तिनाथ पशुपति नाथ है। उन्होंने बताया कि जब भारत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल में भ्रमण पर आए तो दोनों धामों पर गए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेपाल की लोकसभा में अपना अभिभाषण दिया, उससे देश को नया आयाम मिला।

उन्होंने बताया कि नेपाल में संसाधन भारत देश के सहयोग से उपलब्ध होते हैं। आर्थिकी में एवं शिक्षा के क्षेत्र में तो बड़ा ही योगदान है। कई तरह के विकास भारत के सहयोग से चल रहे हैं। नेपाल और भारत की सीमा पर आवागमन है। भारत देश को क्षति पहुंचाने वालों को नेपाल की भूमि का कभी गलत उपयोग नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि नेपाल की जनता सजग है और किसी भी आपदा से निपटने के लिए सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति, सभ्यता एक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यों की सराहना की।
सांसद डॉ अमरेश सिंह ने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के आश्रम में आकर जो अनुभूति प्राप्त हुई है, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने वेद मंदिर आश्रम में स्वामी यतीश्वरानंद के साथ भोजन किया। स्वामी यतीश्वरानंद ने डॉ अमरेश सिंह के विचार और संबंधों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि डॉ अमरेश सिंह बहुत ही योग्य एवं सुशासन में विश्वास रखने वाले सांसद हैं। उन्होंने नेपाल आने का आमंत्रण दिया है, मौका मिला तो अवश्य ही नेपाल में जाएंगे।
