भारतीय जनता पार्टी

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा की जिला कार्यकारिणी की सूची जारी होने में समय लग रहा है। पहले उम्मीद थी कि 14 या 15 अक्तूबर को सूची जारी हो जाएगी, लेकिन अब समय बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में संभावित पदाधिकारियों का सब्र जवाब दे रहा है। कई तो ऐसे है जोकि आकाओं के दरबार में माथा टेकते हुए दो समय हाजिरी लगा रहे हैं। कई तो ऐसे नेता है जोकि मतलब के निकालने के माहिर के तौर पर पहचाने जाते हैं, उन्हें खतरा बना रहता है कि कहीं उनकी पोल न खुल जाए।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बनने के बाद से पूरे प्रदेश के जिलाध्यक्ष भी बदले जाने हैं, जिनका समय पूरा हो गया है। जिलाध्यक्ष और महामंत्री बनने के लिए कई नेताओं ने पूरी जुगत लगाई हुई है। वे अपने आकाओं को खुश करने के साथ जहां भी उन्हें सिफारिश करने की उम्मीद होती है उन्हीं के दरबार में​​ निरंतर हाजिरी लगा रहे हैं। दरबारों में माथा टेकते—टेकते संभावितों को सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है।
शहर में चर्चा चलती है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल सांसद हैं तो उन्हीं के अनुसार जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी होगी, जबकि हरिद्वार जनपद को दो भागों में बांट दिया है, इससे ज्यादा पदाधिकारी बनने से कईयों को बड़ी उम्मीद है।
खेमों में बंटने से बनी हुई हैं आशंका
​भाजपा के नेता खेमों में बंटे हुए हैं। हालांकि अधिकांश खेमा बदल वाले ही नेता हैं, जहां ताकतवर नेता देखा, उन्हीं के दरबार में माथा टेकते हुए अपनी खूबिया कम उनकी तारिफों के कसीदें गढ़ते नजर आते हैं। उन्हें सबसे ज्यादा इस बात का खतरा बना रहता है कि उनकी पोल नेताओं के सामने न खुल जाए, हालांकि चंद ही नेता हैं, उनके बारे में सभी को पता है। अब देखना है कि किसके सिर पर जिलाध्यक्ष के साथ अन्य पदों का ताज सजेगा।
सूत्रों की माने तो नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में ही सूची जारी होगी।