जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भले ही वे क्षेत्र के विधायक चुने नहीं जा सके हो, लेकिन यदि क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य भाजपा के जीतकर आएंगे तो विकास कार्यों की गति जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस बार हरिद्वार पंचायत का बोर्ड और अध्यक्ष भाजपा के होंगे और इसके लिए प्रत्याशियों को जिताने के लिए एकता दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि जो भाजपा के नेता किसी बात को लेकर नाराज होकर या उन्होंने निर्दलीय तौर नामांकन किए हुए हैं, उन्हें मना लिया जाएगा।
बुधवार को फेरूपुर ग्राम में जिला पंचायत की आदर्श नगर टिहरी से प्रत्याशी कुसुम देवी के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने जोश भरा। उन्होंने कहा कि किसी पर सीट पर पार्टी एक ही कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाती है, अन्य नेताओं में कुछ नाराजगी हो जाती है, लेकिन उन्हें मना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज विपक्षी पार्टियों में परिवारवाद पनपा हुआ है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कार्य करने वाले को सम्मान देती है।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि आदर्श टिहरी नगर सीट पर अधिकांश मतदाता भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवार से संबंध रखते हैं, इसलिए अपनी ताकत दिखाते हुए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताकर बोर्ड में भेजना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनते ही 6 महीने से रूके कार्य फिर से सुचारू हो जाएंगे। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए विकास कार्य अवरूद्ध करके भाजपा की राज्य सरकार को बदनाम करने का काम किया जा रहा है। लेकिन जनता जिला पंचायत में भाजपा का बोर्ड बनवाने के लिए एक-एक सदस्य को जिताकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि आदर्श टिहरी नगर सीट से प्रत्याशी कुसुम देवी और उनके पुत्र भाजयुमो के नेता नितिन चौहान बहुत ही सक्रिय और जुझारू हैं, हमेशा जनहित के लिए सोचते हैं। नितिन चौहान हमेशा जनता के दुख दर्द में खड़े रहते हैं और रहेंगे।
प्रत्याशी कुसुम देवी ने कहा कि पार्टी ने कार्यकर्ता को जो सम्मान दिया है और जनता का भरोसा वे कभी टूटने नहीं देंगी।
जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयास से सभी विकास कार्य सुचारू रहेंगे।
इस मौके पर भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष इसम सिंह चौहान, संयोजक मास्टर धर्मेंद्र चौहान, सुरेश चौहान, मनोज, सुभाष, त्रिलोक चंद, रितेश, मलखान सिंह, मोहर सिंह, मांगेराम, संदीप, विकास आदि शामिल हुए।

