जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के ग्राम बहादरपुर जट्ट में सड़क निर्माण के कार्य का शुभारंभ नारियल फोड़कर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य सुचारू रहेंगे।
शनिवार को जिला पंचायत सदस्य सोहनवीर पाल के प्रस्ताव पर टाइल्स से निर्मित होने वाली सड़क का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने किया। उन्होंने कहा कि बहादरपुर जट्ट ग्राम में डिग्री कॉलेज, मिनी स्टेडियम के साथ अनेकों योजनाओं पर कार्य चल रहा है। बहादरपुर जट्ट ग्राम में सुविधाओं का लाभ आसपास के ग्राम निवासियों को भी मिलेगा। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्याओं का निदान कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सोहनवीर पाल, ग्राम प्रधान राजेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रणव यादव, मंडल उपाध्यक्ष रेनू चौधरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रकिरण, पूर्व चेयरमैन ऋष्पिाल, सत्यकुमार चौधरी समेत अनेक ग्रामवासी मौजूद रहे।