जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देहरादून। देहरादून जिले के रानीपोखरी में सोमवार सुबह एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या की जानकारी फैलते ही लोगों में सनसनी फैल गई। हत्यारे ने अपने पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में तीन बेटी माता व आरोपी की पत्नी शामिल है। मौके पर पहुंची पुलिस भी सन्न रह गई। कमरे से लेकर किचन तक खून ही खून था। पांच लाशों को देख लोग सिहर उठे। हत्यारोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिला निवासी महेश तिवारी के रूप में हुई है। महेश मूल रूप से बांदा का रहने वाला है।
हत्यारे ने वारदात को चाकू से अंजाम दिया है। उसने माता-पत्नी और बेटियों पर चाकू से अनगिनत वार किए। पूरे घर में फैला खून आरोपी की बर्बरता को बयां कर रहा था। लेकिन एक बात किसी के गले से नहीं उतर रही है कि आरोपी ने अकेले इतनी बर्बरता के साथ पांच लोगों को कैसे मौत के घाट उतारा। इसको लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस के हाथ अहम साक्ष्य लगे हैं। कई बिंदुओं पर पुलिस जांच व पूछताछ कर रही है।
एसपी देहात कमलेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बांदा उत्तर प्रदेश का निवासी है। आरोपी से पूरी जानकारी ली जा रही है।
आरोपी ने चाकू से वार कर सभी को मौत को घाट उतार दिया। रानीपोखरी नागाघेर में परिवार के लोगों की हत्या करने का आरोपी कई सालों से नागा घेर में रह रहा था। जानकारी में मामला सामने आया कि आरोपी पूजा पाठ करता था, शांत ही रहता था। उसने घटना को कैसे अंजाम दिया होगा ये सोचकर सभी हैरान हैं।
मृतक
बीतन देवी उम्र 75 वर्ष- माता
नीतू देवी उम्र 36 वर्ष- पत्नी
अपर्णा उम्र 13 वर्ष- पुत्री
अन्नपूर्णा उम्र 9 वर्ष पुत्री
स्वर्णा उर्फ गुल्लो उम्र 11 वर्ष पुत्री