कांग्रेस का डूबता जहाज

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कांग्रेस का जहाज डूबता नजर आ रहा है। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और पार्षद भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इन नेताओं के भाजपा में शामिल होते ही कांग्रेस का कई वार्डों में पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। हालांकि कांग्रेस के शेष नेता भी भाजपा के नेताओं की परिक्रमा करते हुए देखे जाते रहते हैं। दूसरी सबसे बड़ी बात यह है कि शेष बचे नेताओं में गुटबाजी हावी है।
कांग्रेस के नेताओं में आपसी सामंजस्य नहीं है। किसी भी कार्यक्रम में कांग्रेस के नेता एक साथ शामिल नहीं होते। कांग्रेस नेताओं में आपसी स्पर्धा इतनी ज्यादा कि एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए साजिश भी रचते रहते हैं। कांग्रेस के कुछ नेता तो भाजपा के बड़े नेताओं की परिक्रमा करते हुए मिलते हैं।
अब कांग्रेस के कुछ दिग्गज नेता इन नेताओं की साजिशों से परेशान होकर पार्टी बदलना चाहते हैं। वे भाजपा में जाने के लिए जुगत लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीन पार्षदों के साथ कई बड़े नेता भाजपा में जल्द शामिल हो सकते हैं। उनके भाजपा में जाने से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। पार्षदों के जाने पर कांग्रेस का झंडा लगाने वाले भी नहीं बचेंगे। नुकसान होने की सूचना पर भी कांग्रेस के नेता उन्हें मनाने के लिए कोई प्रयास तक नहीं कर रहे हैं।