जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा स्थित ग्राम गांजा माजरा के ग्रामीणों ने सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित कर विधायक रवि बहादुर को गांव की समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का मुख्य मार्ग आवागमन के लायक नहीं है। बीच सड़क में आठ फीट गहरा गड्ढा बना हुआ है जिसमे बारिश होने पर जलभराव हो जाता है। जिसके कारण आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्चत्तर प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केन्द्र परिसर में भी जलभराव की समस्या है। जलभराव होने पर बच्चों को बहुत दिक्कत होती है। इसके साथ ही गांव में सड़क, पानी, बिजली, नाली आदि की भी समस्या है जिसे जल्द से जल्द दूर किया जाए। विधायक रवि बहादुर ने कहा कि गांव की समस्याएं एक एक कर दूर की जाएगी। जैसे—जैसे शासन प्रशासन से बजट जारी होता रहेगा वैसे ही विधानसभा क्षेत्र में कार्य होता रहेगा। अभी डेढ़ करोड़ रुपए आए थे जिससे क्षेत्र के कई गांव में विकास कार्य शुरू करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने विधायक बनाकर जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा।
इस अवसर पर अरविंद कांबोज, घनश्याम कांबोज, मास्टर सुरेंद्र, मास्टर सुभाष चंद, राकेश प्रधान, राव शफात, बाबूराम उपाध्याय, नरेश कांबोज, राकेश कांबोज, परवेश कांबोज, करण कांबोज, अंजेश, कुसुमपाल, अनुज, जीवन, पप्पू कश्यप, प्रमोद, धर्मेंद्र, रविंद्र, ओमपाल, राव जुनेद, आदेश कटारिया, शारिक अली, सागर बेनवाल, सुखपाल आदि उपस्थित थे।