जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह रावत के नेतृत्व में समुचित विकास हो रहा है। बेरोजगारों को स्वरोजगार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर आमजन को बहुत बड़ा लाभ दिया है।
रविवार लालढांग में जिला पंचायत प्रत्याशी ब्रजमोहन पोखरियाल की आयोजित जनसभा में प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी ने भाजपा की केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी नीतियों पर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत हरिद्वार में ग्रामीण विकास के लिए भाजपा का बोर्ड जरूरी है, इसलिए भाजपा के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का काम करें।


पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि गैंडीखाता-लालढांग क्षेत्र में मॉडल डिग्री कॉलेज, नदियों पर पुल, स्वास्थ्य के लिए सीएचसी का उच्चीकरण समेत अनेकों विकास कार्य कर ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन पोखरियाल के चुनाव चिन्ह कुल्हाड़ी पर मतदान करने की अपील की।


भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन पोखरियाल ने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे।
इस मौके पर क्षेत्रीय निवासी भारी संख्या में मौजूद रहे।