जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। खबर का संज्ञान लेते हुए एसडीएम सदर पूरण सिंह राणा ने दागी लेखपाल से चार्ज लेते हुए दूसरे लेखपाल को चार्ज सौंप दिया। इससे क्षेत्रवासियों के काम समय पर होते रहेंगे।
10 मई को लालढांग गैंडीखाता क्षेत्र के लेखपाल रामनाथ का रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने लेखपाल रामनाथ को सस्पेंड कर दिया था। उनके स्थान पर श्यामपुर क्षेत्र के लेखपाल को चार्ज देने के आदेश जारी कर दिए थे। लेकिन पूरे 15 दिन बीत जाने के बावजूद भी एसडीएम पूरण सिंह राणा अपने आदेश का पालन नहीं करा सके थे, जिसकी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई। कांग्रेस के प्रदेश सचिव गुरजीत लहरी ने भी आंदोलन की चेतावनी दी थी। जिसका संज्ञान लेते हुए एसडीएम पूरण सिंह राणा ने लेखपाल रामनाथ से चार्ज लेने के लिए कड़े निर्देश दिए, यहां तक की लेखपाल यदि स्वयं चार्ज नहीं सौंपता है तो पुलिस को कार्रवाई के लिए लगाने के निर्देश दे दिए थे। दवाब पड़ने पर लेखपाल ने शुक्रवार को चार्ज सौंप दिया। जिसके चलते हुए श्यामपुर क्षेत्र के लेखपाल सुभाष कुमार को लालढांग—गैंडीखाता का अतिरिक्त चार्ज सौंप दिया।