ब्यूरो, रिपोर्ट
भाजपा की केंद्र सरकार के द्वारा पारित किसान कानूनों को किसान विरोधी बताते हुए कांग्रेस की विभिन्न विंगों के पदाधिकारियों ने हरिद्वार में प्रदर्शन किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी, अडानी व अंबानी का पुतला दहन करते हुए विरोध प्रदर्शन जताया। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार के नेतृत्व में सीतापुर समिति में हुए प्रदर्शन में 8 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का निर्णय लिया। जबकि प्रदेश किसान कांग्रेस की विंगों ने आंदोलन सुचारू रखने की चेतावनी दी।
शनिवार को रोशनाबाद में सिडकुल चौक पर उत्तराखंड किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुशील राठी के आह्वान पर श्रमिक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबीर चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अडानी व अंबानी का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया।
भेल के श्रमिक नेता और इंटक उत्तराखंड के उपाध्यक्ष राजवीर सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के खिलाफ चलकर तीन काले कानून बनाए हैं। इसी के साथ केंद्र सरकार लगातार किसान और मजदूरों के विरोध में नीतियां बनाकर उनका उत्पीड़न करने का काम कर रही है। किसान 3 काले कृषि कानूनों के विरोध में है और पूरे देश के साथ दिल्ली में धरने पर बैठे हुए हैं। उन्हें 10 दिन हो गए हैं, लेकिन कोई उनकी सुध नहीं ले रहा हैं। धरने पर बैठे 4 किसानों की मृत्यु भी चुकी है। अब कांग्रेस पार्टी के साथ साथ देश का मजदूर एवं किसान भी इन काले कानूनों के विरोध में सड़कों पर उतरेगा। चेतावनी दी कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक घर में नहीं बैठेंगे। प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री अमन कुमार ने कहा मोदी सरकार अदानी और अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों के विरोध मे तीन अध्यादेश लेकर आई है, जिसे वापस न लिए जाने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर किसान कांग्रेस उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष उधम सिंह चौहान, गढ़वाल मंडल महामंत्री राजू सिंह, सतवीर चौधरी, जसवीर सागर, ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम, शहर अध्यक्ष कांग्रेस वीरेंद्र तेश्वर, जिला महासचिव मुकुल चौहान, अमित कुमार, राव हामिद अली, राव आबाद अली शाह, रिजवान खान, रामकिशन प्रधान, विधानसभा महासचिव विवेक यादव रोहित कुमार, निखिल कुमार अनिकेत कुमार, अनुराग सिंह, रमेश सिंह, रोहित सिंह, अशोक कुमार, जुगनेश कुमार, प्रदीप सिंह, पुष्पेंद्र सिंह महावीर सिंह, जफर अली, अजय कुमार, गुरमीत सिंह, आदेश कुमार आदि शामिल हुए।
