संजय चौधरी, ब्यूरो
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन अखंड के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चौधरी लाखन सिंह गुर्जर ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में देश भर के किसान करीब 70 दिनों से आंदोलनरत हैं। शांतिपूर्वक चल रहे आंदोलन को अब साजिश के तहत तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान का हक और अधिकार लेकर ही रहेंगे। उत्पीड़न करने में लगी केंद्र सरकार को मुहंतोड़ जवाब दिया जाएगा।
चौधरी लाखन सिंह ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार किसानों का उत्पीड़न करने में लगी है। देश को अन्न देने वाला किसान आज सड़कों पर है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार लोगों को गुमराह कर मनमर्जी से देश को चलाना चाहती है। जबकि काले कानून को वापस लेकर किसानों को राहत दी जानी चाहिए। प्रशासन की ओर से किसानों पर की जा रही हिंसा की तस्वीरें बेहद ही असहनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को किसानों के बीच छोड़कर आंदोलन को दंगे का रूप दिया है। जबकि किसानों ने आम जनता को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया है। चौधरी लाखन सिंह गुर्जर ने कहा कि देशभर में किसानों की ओर से किए जा रहे आंदोलन को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कई बार प्रलोभन देने का काम किया गया। आंदोलन की छवि को बदनाम करने के लिए बेवजह किसानों के गिरेबां में झांकने की नाकाम कोशिश की गई। जहां एक और किसानों का रास्ता रोककर उन्हें हताश किया गया, वहीं दूसरी ओर उन पर लाठियां बरसाई गई। उन्होंने दावा किया किसानों को लेकर की जा रही प्रत्येक हिंसा की पहल सरकार की ओर से की जा रही है।