कांग्रेस की बैठक में घोषित प्रत्याशियों का स्वागत करते हुए पदाधिकारी।

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार नगर निगम के दो पार्षदों की आकस्मिक मृत्यु होने से खाली हुई सीटों पर चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। वार्ड नंबर 9 और 60 के लिए 12 जून को मतदान होगा। कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, भाजपा का पैनल तैयार हो गया है और जल्द की प्रत्याशी घोषित करेंगे।
कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने होटल में हुई। जिसमें एकमत होकर निर्णय लेकर दोनों वार्डों के प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। वार्ड नंबर नौ से कांग्रेस के पार्षद रामकृष्ण कोरी की मृत्यु के बाद से खाली हुई सीट पर उनकी पत्नी लीलावती कोरी को प्रत्याशी बनाया है। जबकि वार्ड नंबर 60 निर्दलीय पार्षद अर्जुन चौहान की मृत्यु के बाद से खाली हुई सीट पर कांग्रेस नेता गौरव चौहान को प्रत्याशी बनाया है। गौरव चौहान की चौहान बिरादरी के साथ सभी वर्गों में अच्छी पकड़ है।
महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने घोषणा करते हुए कहा कि दोनों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी होंगे। प्रत्याशी की घोषणा के दौरान प्रदेश महासचिव डॉ संजय पालीवाल, मेयर अनीता शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, प्रदीप चौधरी, मुरली मनोहर, श्रमिक नेता राजबीर चौहान, शुभम अग्रवाल, यशवंत सैनी, अशोक शर्मा, राजीव चौधरी, ठाकुर रतन सिंह, विमला पांडेय, पूर्व पार्षद अमन गर्ग, पूर्व शहर अध्यक्ष ओपी चौहान, शैलेंद्र सिंह आदि शामिल हुए।