जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्षद अनुज सिंह एवं उनके पिता धर्मपाल सिंह ठेकेदार भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक समेत अन्य पदाधिकारियों ने पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई। पार्षद अनुज सिंह और समर्थकों को भाजपा में लाने में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का सहयोग रहा है। पार्षद अनुज सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित के साथ देश के हर वर्ग का चहुंमुखी विकास करने में विश्वास रखती है।
रविवार को देहरादून स्थित भाजपा के मुख्य कार्यालय में हरिद्वार नगर निगम के प्रसिदृध पार्षद अनुज सिंह, धर्मपाल ठेकेदार, राजन मेहता सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे। उन्हें कार्यालय में भाजपा के प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारियों ने भाजपा का पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई। सदस्यता ग्रहण कराते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अनुज सिंह युवा है और भाजपा में भविष्य है। अनुज के भाजपा में आने से केंद्र और राज्य सरकार की लाभकारी योजनाओं का लाभ आमजन को मिलेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हरिद्वार से सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा संघर्ष से समाधान की यात्रा से बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है, हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने सभी का भाजपा में शामिल होने पर हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा​ कि भाजपा सदैव सुशासन और नीति आधारित राजनीति में विश्वास रखती है। प्रत्येक वर्ग के कार्यकर्ता को भाजपा में उचित सम्मान दिया जाता है, इसका ही परिणाम है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हम सब एक अनुशासित कार्यकर्ता हैं और राष्ट्र की प्रगति के संकल्प के साथ निरंतर, लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, सुरेश राठौर, जिलाध्यक्ष संदीप गोयल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से लोगों का दोहन किया हैं, लेकिन आज भाजपा के शासनकाल में हर वर्ग सुरक्षित है और विकास के नित नए आयाम प्राप्त कर रहे हैं।
पार्षद अनुज सिंह ने सभी को विश्वास दिलाते हुए कहा कि भाजपा की मजबूती के लिए काम करेंगे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री का रहा सहयोग
कांग्रेस के पार्षद अनुज सिंह और उनके समर्थकों को भाजपा में लाने का श्रेय पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को है। उनकी कार्यशैली, जनता से मिलन और तत्काल समस्याओं का निवारण से प्रभावित होकर कांग्रेस के नेता भाजपा में शामिल हुए हैं।