संजय चौधरी, ब्यूरो
हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी काॅलेज की एनसीसी कैडेट शुभी कुर्ल के यूनिट की ओर से सम्मानित किए जाने पर कॉलेज प्रबंधन एवं स्टाफ में उत्साह रहा। उन्होंने शुभी कुर्ल को सम्मानित किया। प्राचार्य डा एसके बत्रा ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर संगठन का आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ है, जो एनसीसी के मूल्यों को प्रदर्शित करता है। जिसके पालन से यह युवाओं में चरित्र निर्माण करता है तथा अनुशासित और देशभक्त नागरिक के रूप में तैयार करता है।
कॉलेज की छात्रा शुभी कुर्ल पुत्री भानू प्रताप कुर्ल को राष्ट्रीय कैडेट कोर की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सम्मिलित होकर उत्कर्ष कार्य हेतु 31 यूके बीएन एनसीसी हरिद्वार के कमान अधिकारी कर्नल यूएस त्रिवेदी ने सम्मानित किया। कॉलेज पहुंचने पर बुधवार को काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सुनील कुमार बत्रा और अन्य स्टाफ ने शुभी कुर्ल का सम्मान किया। डाॅ. एसके बत्रा ने कहा कि एनसीसी राष्ट्र के प्रति अनुशासन, दृढ़ संकल्प और भक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए एक बहुत मजबूत मंच है, जो देश के विकास की धारणा से सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को भारतीय सेना में शामिल एवं प्रेरित करने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। डाॅ. बत्रा ने कहा कि शीघ्र ही काॅलेज में एनसीसी की इकाई स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि भल्ला काॅलेज में हमारे महाविद्यालय के 14 कैडेट हैं। मुख्य अनुशासन अधिकारी डाॅ. सरस्वती पाठक ने शुभी कुर्ल को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि वर्तमान में लड़कियां प्रत्येक क्षेत्र में अपना नेतृत्व प्रदान कर देश की सेवा कर रही हैं। उन्होंने शुभी कुर्ल को एनसीसी के माध्यम से योग्यतापूर्ण कर भारतीय सेना में शामिल होने का आशीर्वाद भी दिया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. संजय कुमार माहेश्वरी ने शुभी कुर्ल को अपनी बधाई प्रस्तुत करते हुए कहा कि छात्रा कैडेट ने अपने माता-पिता के साथ महाविद्यालय को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर संगठन ने देश की भलाई के लिए समर्पित तरीके से कार्य करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस अवसर पर डाॅ. मन मोहन गुप्ता, डाॅ. जेसी आर्य, विनय थपलियाल, डाॅ. सुषमा नयाल, वैभव बत्रा, वेद प्रकाश चौहान, होशियार सिंह चौहान, हेमवंती, संजीत कुमार आदि ने एनसीसी कैडेट को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
