जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तराखंड प्रदेश के बॉर्डरों से प्रदेश वासियों के साथ यात्रियों के आवागमन पर उनसे पुलिस द्वारा की जा रही बदसलूकी, ज्यादती, उगाही और शोषण किए जाने की सूचनाओं से कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि पुलिस की शिकायतें मिली तो जनपद के उच्च अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
कोरोना कार्यकाल में उत्तराखंड प्रदेश में अन्य प्रदेशों के लोगों का आवागमन रोक दिया जाता है। लेकिन कुछ छूट के साथ उन्हें आवागमन की अनुमति दी जाती है। प्रदेश वासियों के साथ बॉर्डर के गांवों के निवासियों को तो आवागमन में खुली छूट रहती है। लेकिन बॉर्डर पर तैनात पुलिस कर्मियों की शिकायतें मिलती रहती है। कभी प्रवेश कर रहे लोगों की पिटाई, वाहनों को क्षतिग्रस्त करने जैसे आरोप लगते रहे। हाल ही में जिला कोर्ट में तैनात एक पेशगार के साथ हुए मामले से हंगामा हो गया। पूरे मामले को लेकर पीड़ित लोग कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद से मिले। जिस पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने पुलिस के आला अधिकारियों से बात करते हुए नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि किसी भी प्रदेशवासी या यात्री से बदसलूकी का मामला सामने आया तो उच्च अधिकारी पर कार्रवाई होगी।

