जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। राष्ट्रीय वीर गुर्जर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रमोद खारी ने गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के नेता, समाज के कोहिनूर, अनमोल रत्न, कर्नल (रिटायर्ड) किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गुर्जर आरक्षण आंदोलन में उनके द्वारा दिए गए योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों व गुर्जर समाज के बंधुओ को यह दुख सहन करने का संबल प्रदान करें।
कर्नल तेरी नेक कमाई, तूने सूती कौम जगाई, गुर्जर आरक्षण आंदोलन के पुरोधा रहे कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन से गुर्जर समाज में गहरा शोक है। राष्ट्रीय वीर गुर्जर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद खारी ने कहा कि हमारे गुर्जर गांधी चले गए। समाज सुधार एवं समाज को संगठित करने में आपका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारे गुर्जर गांधी चले गए, इससे बड़ा दुख गुर्जर समाज के लिए हो नहीं सकता। हमेशा उनके मन में गुर्जर समाज के भले की चिंता रहती थी और वह बहुत ही दृढ़ निश्चयी (व्यक्ति) थे।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि बैंसला ने 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में भी हिस्सा लिया और युद्धबंदी भी रहे। 1991 में भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद वह स्थानीय राजनीति में सक्रिय हो गए। पहले देश सेवा और फिर समाज सेवा के साथ सामाजिक परिवर्तन के पुरोधा बने गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने 83 साल की लम्बी उम्र में बृहस्पतिवार की सुबह जयपुर स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। वे पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके नेतृत्व में अधिकांश आंदोलन दौसा, करौली और भरतपुर जिले में हुए थे।
