जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
रुड़की। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने जिला सहकारी बैंक लि. हरिद्वार की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास और भरोसे के साथ नई प्रबंध समिति को जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना सभी पदाधिकारियों एवं संचालकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र सीधे तौर पर किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़ा हुआ है, इसलिए बैंक प्रबंधन को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
होटल सेंट्रल रुड़की में जिला सहकारी बैंक लि. हरिद्वार की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारियों एवं जनपद के वरिष्ठजनों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि जिला सहकारी बैंक के उत्थान के साथ-साथ जनपद के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का बेहतर लाभ मिले, उन्हें समय पर आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध हों और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके, इसके लिए प्रबंध समिति को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रबंध समिति के कार्यों से ही यह प्रमाणित होगा कि बैंक की जिम्मेदारी योग्य एवं जनहित के प्रति समर्पित लोगों को सौंपी गई है।
समारोह में उपस्थित कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जिला सहकारी बैंक हरिद्वार की नई प्रबंध समिति पूरे मनोयोग, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। उन्होंने कहा कि बैंक के विकास एवं सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से जिस भी सहयोग की आवश्यकता होगी, उसके लिए वह पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।


इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक लि. हरिद्वार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह एवं उपाध्यक्ष सुशील राठी सहित नवनिर्वाचित संचालक मंडल के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में भारती देवी, लता देवी, आंचल सिंघल, ओमप्रकाश, उत्तम सिंह, सपना शर्मा, बबली देवी, देवेंद्र कुमार, नवनीत सिंह, मो. इस्लाम, राजबीर सिंह एवं पुष्पराज सैनी सहित अन्य नवनिर्वाचित संचालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न दायित्वधारियों एवं वरिष्ठजनों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें श्यामवीर सैनी, जयपाल चौहान, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कुलवीर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, दुग्ध संघ के अध्यक्ष प्रमोद चौधरी, मास्टर सत्यपाल, बरखा रानी, कविन्द्र चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, सुशील चौधरी,ललित मोहन अग्रवाल, अशोक चौधरी, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सौ सिंह, उप महाप्रबंधक चरण सिंह, अम्बादत्त जोशी सहित जनपद की विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं गणमान्यजन समेत सैंकड़ो लोग शामिल रहे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलवीर सिंह एवं संचालन बैंक के उपाध्यक्ष सुशील राठी ने किया!
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम बैंक की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर सहकारी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को शुभकामनाएं देते हुए जिला सहकारी बैंक लि. हरिद्वार के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *