जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। शादीशुदा बेटी के तलाक होने की आशंका के चलते ससुर ने दामाद का कत्ल कर दिया। हालांकि दामाद और ससुर का दूसरा रिश्ता भांजे—मामा का था।
26 जून को भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के समीप एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। उपचार के दौरान घायल की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा मौके को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक ढंग से साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी रुड़की भेजा गया।
कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि गठित टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस इनपुट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से लगातार जांच की गई। पुलिस की मेहनत रंग लाई और घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया गया।

कोतवाल रितेश शाह

पूछताछ में आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू निवासी बड़ीवाला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) ने बताया कि उसकी पुत्री का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तलाक की स्थिति उत्पन्न हो गई।
आरोपी अपनी पुत्री का वैवाहिक जीवन टूटने और उसके भविष्य को लेकर अत्यधिक आक्रोशित था। वह अपनी पुत्री का जीवन बर्बाद होने के लिए मृतक मुफीद को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश के चलते उसने पूर्व नियोजित योजना बनाई, भगवानपुर पहुंचकर एक चाकू खरीदा और मौका मिलते ही मुफीद पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल चाकू तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर अभियोग में आवश्यक धाराओं की वृद्धि कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक का विवरण
मुफीद पुत्र मतलूब निवासी रोलाहेड़ी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार
आरोपी का नाम एवं पता
शहनवाज पुत्र मीरू निवासी बड़ीवाला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) उम्र 50 वर्ष
बरामद हुए ये सामान
1. घटना में प्रयुक्त चाकू (आला कत्ल)
2. ⁠रक्तरंजित कपड़े
पुलिस टीम में इनका रहा सहयोग
भगवानपुर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह, एसएसआई रमेश कुमार सैनी, एसआई प्रदीप चौहान, ⁠कांस्टेबल उवैदउल्ला, ⁠कांस्टेबल दीपक ममगाई, ⁠कांस्टेबल सचिन तोमर का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *