जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने हरिद्वार जनपद में अवैध हथियारों का जखीरा बेचने वालों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस चैकिंग को देखकर मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने बैरियर लगाकर पिछली सीट पर बैठे सवार को दबोच लिया। आरोपी पुरकाजी(UP) से पथरी में अवैध असलहा की सप्लाई करने आया था। पुलिस अभी तक किसे बेचे अवैध असलहे, सभी पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
खानपुर थाना पुलिस द्वारा गैरप्रांत उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर सीमा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक मोटरसाइकिल की गति तेज कर दी। इस पर पुलिस टीम द्वारा बैरियर लगाकर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जो नीचे गिर गया। वहीं मोटरसाइकिल चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ये अवैध शस्त्र पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर (उ0प्र0) से अपने एक परिचित से लेकर आया था और थाना पथरी क्षेत्र में बिक्री के लिए जा रहा था।
आस-पास के थानों से जानकारी करने पर यह भी ज्ञात हुआ कि संदिग्धों द्वारा पूर्व में भी थाना पथरी क्षेत्र में अवैध तमंचों की बिक्री की जा चुकी है। मामले में विस्तृत जांच जारी है। आरोपी पर कानूनी कार्रवाई करते हुए उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
नाम पता आरोपित
1. शमशेर पुत्र महमूद, निवासी ग्राम करणपुर, थाना खानपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 40 वर्ष
बरामदगी
1. 03 अदद देशी तमंचा (.315 बोर)
2. 01 अदद देशी तमंचा (12 बोर)
3. 40 जिन्दा कारतूस (12 बोर)
पुलिस टीम में इनका रहा सहयोग
गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी एसआई नवीन नेगी, बिजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भीम सिंह, कांस्टेबल वसीम (CIU हरिद्वार) का रहा।

