गौरव की फाइल फोटो, साइड में रोते बिलखते परिजन

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार से मथुरा के लिए यात्री लेकर जा रही टूरिस्ट बस ने भराला- दौराला कट के पास बुधवार दोपहर टूरिस्ट बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। लोईया गांव निवासी गौरव (26) और उसकी साली रीना (21) की मौत हो गई। गौरव की पत्नी मनीषा को अस्पताल ले जाया गया, जहां स्ट्रेचर पर वह गुमसुम पड़ी रही और फिर बेसुध हो गई। गौरव पत्नी व साली के साथ एक ही बाइक पर थे।
मूलरूप से लोईया गांव निवासी गौरव दौराला की डेयरी कॉलोनी में अपनी पत्नी मनीषा के साथ रहता था। बुधवार को गौरव पत्नी मनीषा व साली रीना को लेकर बाइक से मोदीपुरम जा रहा था। दौराला-भराला कट के पास पीछे से आई टूरिस्ट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। गौरव हाईवे पर गिर गया और बस का अगला व पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिस कारण गौरव की मौके पर ही मौत हो गई।

पति गौरव की दर्दनाक मौत के बाद अस्पताल में गुमसुम पड़ी मनीषा

बस के चालक गुजरात के मोरबी निवासी विपिन को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने घायल मनीषा और रीना को मोदीपुरम स्थित एसडीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने रीना को मृत घोषित कर दिया। लोईया निवासी मनीष ने मृतक की शिनाख्त अपने जीजा के रूप में की।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि चालक विपिन और परिचालक नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। चालक ने बताया कि वह हरिद्वार से यात्रियों को लेकर मथुरा जा रहा था।
बस ने गौरव को 10 मीटर तक बाइक समेत घसीटा
भराला कट के पास टूरिस्ट बस ने बाइक समेत गौरव को 10 मीटर तक घसीटा। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का अगला व पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिस कारण गौरव बुरी तरह कुचला गया। उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए। लोगों ने जब यह मंजर देखा तो उनकी रूह कांप गई। कई महिलाओं की चीख निकल गई। पुलिस ने शव के टुकड़े समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
गौरव-मनीषा ने किया था प्रेम विवाह
लोईया गांव निवासी गौरव ने अपनी पड़ोसी मनीषा से एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ दौराला की डेयरी कॉलोनी में रहने लगा था। गौरव वर्तमान में गाजियाबाद में नौकरी कर रहा था, जबकि पत्नी अपने भाई मनीष के साथ दौराला में ब्यूटी पार्लर में सहयोग करती थी। हादसे में जीजा साले की मौत के बाद परिजनों में मातम पसर गया। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *