ब्यूरो रिपोर्ट

सहारनपुर में प्रॉपर्टी डीलर की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। गुरुवार देर रात दो बदमाश घर पहुंचे। कमरे के दरवाजे पर खड़े होकर प्रॉपर्टी डीलर के बारे में पूछा। प्रॉपर्टी डीलर के बोलते ही कमरे में घुसे और कमर से पिस्टल निकालकर प्रॉपर्टी डीलर को 7 गोलियां मारीं।

बेटे ने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, मगर बदमाशों ने धक्का देकर दरवाजा खोल दिया। इधर आवाज सुनकर पत्नी कमरे से दौड़ते हुए पहुंची। देखा तो बेटा चीख रहा था। पति खून से लथपथ पड़े थे। वह चिल्लाने लगी। यह देखकर बदमाश पैदल ही भाग गए। प्रॉपर्टी डीलर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की सूचना मिलते ही अफसर मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल की। आरोपी CCTV में दिखाई दिए हैं। दो टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाई गईं हैं। मामला थाना गागलहेड़ी का है।

बेटे के सामने पिता की हत्या

प्रॉपर्टी डीलर सुरेश राणा (45) पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में रहते थे। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बेटे यश राणा के मुताबिक, रात करीब 8 बजे 2 बदमाश घर पहुंचे। मेन गेट खुला था तो अंदर घुस गए। मैं और मेरे पिता गेट के सामने वाले कमरे में थे। पिता और मैं दोनों लोग ही लेटे हुए थे।

कमरे में घुसते ही बदमाशों ने पूछा, काका राणा कौन है? इस पर उसके पिता ने कहा, कौन हो भाई ? यह सुनते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। यश ने बताया कि बदमाश गोली चलाते हुए कमरे की गेट की ओर बढ़ रहे थे, उसने बेड से उतरकर दरवाजा बंद करने की कोशिश की।

कमरे का आधा ही गेट बंद हुआ था, पीछे से दोनों बदमाशों ने धक्का दे दिया। इससे गेट पूरा खुल गया। फायरिंग करने के बाद बदमाश भागने लगे। इधर उसकी मां भी पहुंच गई।

बदमाशों का 200 मीटर पीछा किया, बेटा लेकर गया अस्पताल

यश ने बताया कि शोर मचाते हुए मैं और मेरी मां बदमाशों के पीछे भागे। करीब 200 मीटर तक उनका पीछा किया, लेकिन बदमाशों को पकड़ नहीं पाए। यश ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले उसके मामा भी आ गए। यश ने बताया कि वह अकेले ही अपने पिता को कार से लेकर सीधा 12 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल पहुंचा।

रास्ते में उसके पिता ने उससे पानी भी मांगा था, लेकिन कार में पानी नहीं था। बताया कि वह अकेले ही पिता को लेकर पहुंचा था। तब उसके पिता की सांसे चल रही थीं। इलाज के दौरान कुछ देर बाद उसके पिता की मौत हो गई।

CCTV में दिखे दोनों हमलावर

इधर, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिंक टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने इलाके के CCTV खंगाले। एक CCTV में दोनों हमलावर पैदल जाते दिखाई दिए। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों को तलाश में जुटी है।

बेटे यश ने बताया कि दोनों में से एक बदमाश मुंह बांधे हुए था। बताया कि बदमाश उनके पिता को नहीं जानते थे, इसीलिए उन्होंने कमरे में घुसते ही पिता के बारे में पूछा था। मेरे पिता के बोलते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया कि बदमाशों की उम्र 25-30 साल की रही होगी, वह बाहर के रहने वाले थे, तभी वह उनके पिता को नहीं जानते थे।

वहीं प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी ने अपने भाइयों पर शक जताया है। उसने पुलिस को बताया कि प्रॉपर्टी को लेकर उसके भाइयों से सुरेश का विवाद चल रहा था। SP सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है- हत्या के कारणों का पता लगाया जा है। हत्या का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

एक साल पहले आत्महत्या का किया था प्रयास

प्रॉपर्टी डीलर सुरेश ने 1 साल पहले सुसाइड का प्रयास किया था। तब पुलिस ने उन्हें बचा लिया था। उस वक्त प्रॉपर्टी डीलर कमरा बंद कर फंदा लगा रहे थे। यह देख पत्नी ने डायल 112 पर कॉल कर दी। सूचना मिलते ही 112 पर तैनात जवान कमांडर फहीमुद्दीन, सब कमांडर आशीष पंवार और पायलट धर्मेन्द्र सिंह 5 मिनट में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा और सुरेश की जान बचाई।

तब जांच में सामने आया था कि सुरेश का पत्नी के भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते उन्होंने सुसाइड की कोशिश की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *